हापुड़। किसान मजदूर, जन कल्याण पर्यावरण सुधार समिति और आम आदमी पार्टी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मंडियों में अवैध रूप से किसानों से आढ़त वसूलने का आरोप लगाया है। सभी ने कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
गौरतलब है कि जब किसान अपना माल लेकर मंडी पहुंचते हैं तो किसान से खाद्यान्न पर एक से तीन प्रतिशत और पांच रुपये प्रति कुंतल पल्लेदारी के नाम से वसूल की जाती है। जबकि फल एवं सब्जी पर पांच से दस प्रतिशत तक आढ़त और अलग से पल्लेदारी वसूल की जा रही है। उन्होंने बताया कि किसानों के साथ किए जा रहे शोषण के बारे में मंडी समिति के अधिकारियों से कई बार शिकायत की लेकिन झूठे आश्वासन दिए गए। ज्ञापन देने वालों मेंे भोपाल सिंह, त्रिलोक चंद, अमित त्यागी, रामपाल सिंह, देवीचरण, मैनपाल सिंह, दुष्यन्त चौहान, सूर्यकान्त वर्मा रहे।