गढ़मुक्तेश्वर। दिल्ली से लाए गए यात्रियों को धोखा देकर ब्रजघाट गंगा पुल पर उतार दिया गया। चालक-कंडक्टर की हरकत पर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने दोनों को जमकर पीटा। मामले की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन बिना किसी कार्रवाई के मामला रफादफा कर दिया।
डग्गामार बसों के चालक-परिचालक गंगा पार के जनपदों में जाने वालों को अक्सर झांसा देकर बैठा लाते हैं। गढ़ अथवा ब्रजघाट ले जाने के बाद बस में गड़बड़ी बताकर हाईवे किनारे यात्रियों को उतार दिया जाता है। ऐसा ही एक मामला बुधवार को सामने आया। हुआ यूं कि दिल्ली के आनंद विहार अड्डे से बैठाकर बिजनौर समेत विभिन्न स्थानों को ले जाए जा रहे यात्रियों को चालक ने ब्रजघाट गंगा पुल पर उतार दिया। यात्रियों के पूछताछ करने पर चालक ने गजरौला साइड में आरटीओ खड़ा होने का बहाना किया, परंतु जब उस तरफ से वाहन लेकर आ रहे चालकों ने ऐसा होने से इंकार कर दिया, तो चालक ब्रेक फेल की दुहाई देने लगा।
सच्चाई सामने आने पर यात्री भड़क उठे और हंगामा करने के साथ चालक राजेन्द्र और परिचालक राजू के साथ मारपीट की। संजय चौधरी, गुड्डू, शमीम, नफीस, अर्जुन, प्रदीप का आरोप था कि उन्हें नूरपूर, धामपुर, चांदपुर ले जाने की बात कहकर बैठाया गया था, परंतु यहां लाकर छोड़ दिया गया है।