हापुड़। मेरठ तिराहे पर बृहस्पतिवार की सुबह रिक्शा से स्कूल जा रहीं प्रधानाचार्य के चेहरे पर बाइक सवार दो युवकों ने ज्वलनशील पदार्थ उडे़ल फरार हो गए। मौके पर जमा लोगों ने महिला के परिजनों को सूचना दी, जो उसे एक त्वचा रोग विशेषज्ञ के पास लेकर पहुंचे। उपचार के बाद छुट्टी मिल गई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
मोहल्ला आर्यनगर निवासी राजू की पत्नी हिमानी गोयल मेरठ रोड स्थित एक पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्य हैं। बृहस्पतिवार सुबह वह रिक्शा से स्कूल जा रही थीं। मेरठ रोड तिराहे पर स्थित गुरुद्वारा के पास बाइक सवार दो युवक महिला के निकट पहुंचे और चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ उडे़ल दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन आरोपी फरार हो गए। इस घटना से वहां अफरातफरी मच गई। महिला ने वहां टूटी पर चेहरा धोया। इसी दौरान वहां एकत्रित लोगों ने महिला के मोबाइल से परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने महिला को फ्री गंज रोड स्थित एक त्वचा रोग विशेषज्ञ के पास पहुंचाया। उपचार के बाद वहां से उन्हें छुट्टी देकर घर भेज दिया गया। लेकिन चिकित्सक ने यह नहीं बता सका कि महिला पर क्या डाला गया था। महिला ने परिजनों के साथ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।