पुलिस अधीक्षक से की थ्री व्हीलरों चालकों ने शिकायत, कार्रवाई न होने पर हड़ताल
हापुड़ । अवैध वसूली से क्षुब्ध थ्री व्हीलर संचालकों ने चेतावनी दी है यदि उगाही बंद कराकर दबंगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे हड़ताल कर देंगे। अवैध वसूली से परेशान थ्री व्हीलर संचालक शनिवार को एसपी से मिले और उन्हें शिकायती पत्र दिया। कप्तान ने सीओ यातायात को मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को थ्री व्हीलर संचालक सुनील, कन्हैयालाल, जीत सिंह, मितेन्द्र, सुन्दर, अनिल कुमार, ईश्वर, विनोद आदि ने कप्तान को दिए शिकायती पत्र में कहा कि वह किसी तरह थ्री व्हीलर चलवाकर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। लेकिन, मोहल्ला असगरपुरा, सोटावाली, कन्हैयापुरा, शम्भूपुरा, अटूटा के कुछ युवक तहसील चौराहा और पक्का बाग पर उनसे जबरन अवैध वसूली रहे हैं। विरोध करने पर उनसे मारपीट कर जबरन पैसे छीन लेते हैं। शहर के तीन प्रमुख स्थानों पर थ्री व्हीलर संचालकों से अवैध वसूली की जा रही है। ये वह स्थान हैं, जहां हर समय यातायात पुलिस तैनात रहती रहती है और अधिकारियों का आना-जाना लगा रहता है।
भारी पड़ती है, वसूली
थ्री व्हीलर चालकों की मानें तो हापुड़ में करीब 80 रुपये रोज प्रति थ्री व्हीलर वसूली होती है, जबकि पिलखुवा में एक व्यक्ति अपने को मुंशी बताकर 1500 रुपये प्रतिमाह वसूलता। इसके अलावा 20 रुपये प्रति चक्कर भी उसे देना पड़ता है। अगर कोई थ्री व्हीलर चालक इसका विरोध करता है तो उसका थ्री व्हीलर नहीं चलने दिया जाता। इस तरह वसूली थ्री व्हीलर चालकों को भारी पड़ती है।
पुलिस नहीं करती है कार्रवाई
गुंडों से भयभीत चालकों ने नाम छिपाते हुए बताया कि पुलिस से कई बार अवैध वसूली की शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसीलिए मजबूर होकर उन्हें एसपी तक जाना पड़ा।
एसपी की सुनिये
एसपी डा.अशोक कुमार राघव का कहना है कि वाहनों से अवैध वसूली नहीं होने दी जाएगी। हापुड़ कोतवाली क्षेत्र में गत दिनों एक युवक वसूली के आरोप में जेल भेजा था और करीब एक सप्ताह पहले गढ़ से भी दो युवक अवैध वसूली के आरोप में पकड़े थे।