एक हाथ-पैर कटा, गंभीर हालत में मेरठ के अस्पताल में रेफर
हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के गांव असौड़ा निवासी एक गर्भवती ने मंगलवार सुबह स्टेशन के पूर्वी आउटर पर मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या की कोशिश की। ट्रेन की चपेट में आने से महिला का एक हाथ और एक पैर कट गया। उसे मेरठ के एक अस्पताल में रेफर किया गया है।
हापुड़ रेलवे स्टेशन के पूर्वी आउटर के पास मंगलवार सुबह युवक क्रिकेट खेल रहे थे। उन्होंने बताया कि वहां रेलवे लाइन के पास एक महिला ने मालगाड़ी की आगे छलांग लगा दी है। घटना का पता लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ट्रेन से महिला का उल्टा हाथ और सीधा पैर कट गया था। महिला ने लोगों को अपना नाम कोमल और अपने पति का नाम दीपक निवासी असौड़ा और मायका श्यामपुर (किठौर) बताया है। उसने यह भी बताया कि वह पांच माह की गर्भवती है। लोगाें ने महिला के पड़ोसी को फोन कर उसके परिजनों को घटना के बारे में बताया। लेकिन पति या कोई अन्य परिजन नहीं आया। ग्रामीणों का कहना था कि सोमवार की रात्रि में महिला का अपने पति और जेठानी से झगड़ा हुआ था। इसके बाद पहुंची जीआरपी ने महिला को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया।
जीआरपी प्रभारी दीपक चतुर्वेदी का कहना कि घटना में तहरीर नहीं मिली है। महिला ने आत्महत्या की कोशिश की या फिर यह हादसा है इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल कुछ युवकों ने महिला के मालगाड़ी के आगे कूदने की बात कही है। जांच चल रही है।