हापुड़ । जनपद अमरोहा से हापुड़ भैंस खरीदने आए सात किसानों से 90 हजार रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित किसानों ने थाना देहात में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अमरोहा जनपद के गांव चचौरा थाना आदमपुर निवासी सतराज त्यागी, सतीश, ब्रजपाल, महेश और गांव कांई निवासी भगवान दास और हरीशचंद थाना देहात क्षेत्र के गांव पटना मुरदापुर में भैंस खरीदने आए थे। दोनों को गांव पटना मुरादपुर का ही एक व्यक्ति भैंस दिखाने के लिए साथ गया था।
आरोप है कि किसानों ने भैंस पंसद कर ली। 90 हजार रुपये साथ लाए गए युवक ने ले लिये। इसके बाद वह गाड़ी लाने की बात कहकर चला गया। काफी देर तक गाड़ी लेकर नहीं पहुंचा तो किसान परेशान हो गए। उन्होंने तत्काल यह सूचना मोहल्ला तगासराय निवासी अपने परिचित पुष्पेंद्र त्यागी को दी। वह कई लोगों के साथ गांव पहुंचा और भैंस ब्रिकी करने वाले किसानों से वार्ता की। किसानों ने बताया कि वह नगदी ले जाने वाले व्यक्ति को नहीं जानते। पीड़ित किसानों ने शाम को करीब छह बजे थाना देहात में ठगी की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। देहात एसओ का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।