हापुड़। बेखौफ चोरों ने एक बार फिर बंद मकान को निशाना बना डाला। चोर कोटला यूसुफ निवासी फल व्यापारी के बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों की नगदी और जेवर उड़ा ले गए। वारदात के वक्त पीड़ित दिल्ली और पत्नी अपने भाई को देखने गई थी। शुक्रवार दोपहर पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार पुराना बाजार इलाके के कोटला यूसुफ निवासी रहमत इलाही दिल्ली आजादपुर मंडी में फलों का व्यापार करते हैं। बृहस्पतिवार को रहमत इलाही दिल्ली चले गए और उनकी पत्नी खुर्शीदा अपने भाई भूरा को देखने के लिए मुरादनगर गई थीं। ऐसे में घर पर ताला लगा हुआ था। बताया गया है कि रात के समय चोरों ने मेन गेट पर लगा ताला तोड़ दिया और मकान में घुस गए।
चोरों ने कमरे में बनी एक आलमारी ताला तोड़कर उसमें रखे 9.5 लाख रुपये नगद सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद चोर मकान के पीछे वाले दरवाजे का ताला तोड़कर फरार हो गए।
शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने ताला टूटा देख रहमत इलाही के भाई हाजी इकराम को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे हाजी इकराम ने जब घर का सामान तितर-बितर देखा तो तत्काल रहमत इलाही को सूचना दी। दोपहर के समय दिल्ली से हापुड़ पहुंचे रहमत ने कोतवाली में चोरी की तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।