पिलखुवा। मामूली बात को लेकर दहपा पुलिया पर बृहस्पतिवार शाम चार बजे कुछ युवकों ने नया गांव के ग्रामीणों पर हमला कर दिया। सरेआम मारपीट कर युवक फायरिंग कर तमंचा लहराते हुए फरार हो गए।
नया गांव अहमदपुर निवासी मांगेराम ने बताया कि परिवार में लड़की की शादी है। इसके लिए वह घोड़े तांगे में दहेज का सामान लादकर गांव जा रहे थे। जैसे ही वह हाईवे स्थित दहपा पुलिया के पास पहुंचे, पीछे से एक फॉर्चूनर कार आई। कार में कुछ युवक सवार थे। कार का हार्न बजा और साइड देने में कुछ मिनट की देरी हो गई। इसी बात पर युवक कार से उतर कर गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर युवकों ने सरेआम दहपा पुलिया पर उसे और उसके साथ मौजूद तेजपाल और पवन कुमार बुरी तरह पीट दिया। बचाव में स्थानीय लोग आए तो हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इससे भगदड़ मच गई। इसके बाद हमलावर युवक हवा में तमंचा लहराते हुए कार लेकर फरार हो गये। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोगों का कहना है कि पुलिस देरी से पहुंची, इसलिए हमलावर युवक फरार हो गए। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर रहे हैं। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।