हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के तहत होशियारपुर गढ़ी और बछलौता के जंगल में शुक्रवार रात तार कटर गिरोह ने 21 खंभों की बिजली की लाइन के तार काट कर चोरी कर लिया। इस वारदात के बाद से 16 गांवों की बिजली सप्लाई बाधित हो गई है। इससे ग्रामीण गुस्से में हैँ।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात तार कटर गिरोह ने एक और तार कटिंग की वारदात को अंजाम देते हुए होशियारपुर गढ़ी और बछलौता गांव के बीच के जंगलों से 21 खंभों की लाइनों के तार चोरी कर लिए। इस तार कटिंग के बारे में शनिवार की सुबह साढे़ बजे बिजली आपूर्ति चालू नहीं होने पर अवर अभियंता महेश शर्मा और महेश दत्त ने सिंभावली बिजली घर को फोन किया तो पता चला कि वहां से बिजली की सप्लाई चालू करने पर ट्रिपिंग आ रही है। इस पर लाइनमैन को पेट्रोलिंग के लिए भेजा गया, तब इस तार कटिंग के बारे में जानकारी हो सक ी। चोर 33 केवी की लाइन के चार खंभों के 2 हजार मीटर तार तथा 11 हजार वोल्ट की लाइन के 9 खंभों से 2700 मीटर और 440 वोल्ट की लाइन के 8 खंभों से 1800 मीटर तार चोरी कर ले गए हैं।
इस वारदात के कारणहोशियारपुर गढ़ी, बछलौता, भड़ंगपुर, काकोड़ी, यादनगर, भमेड़ा, भटैल, झंडा मुर्शदपुर, लुकराड़ा, शेखपुर, भिम्बयारी, जैतपुर, भीकनपुर, नूरपुर आदि गांवों की बिजली सप्लाई ठप हो गई है। परिणामस्वरूप ग्रामीणों के समाने नलकूपों से सिंचाई, कुट्टी काटने तथा दीपावली पर्व से पूर्व रोशनी करने की समस्या उत्पन हो गई है। उल्लेखनीय है कि चार दिन पूर्व भी तार कटर गिरोह धनौरा के जंगल से 37 खंभों के तार काटकर ले गया था, जिससे वहां आठ गांवों की बिजली सप्लाई ठप हो गई थी। अवर अभियंताओं ने इस मामले में बाबूगढ़ थाने में तहरीर दे दी है, जिस पर थानाध्यक्ष का कहना है कि मुकदमा लिखाया जा रहा है।