त्योहारों पर मिठाई में मिलावट आम हो गया है। मिलावटखोर इतने शातिर हो गए हैं कि असली नकली का पता नहीं चलता। मजबूरन खुशियों के त्योहार में गम देती इन मिठाइयों से बचने के लिए लोग ड्राईफ्रूट्स और चॉकलेट की ओर रुख कर रहे हैं। वहीं, उपभोक्ता की डिमांड को देखते हुए बाजार भी बदल गया है। जगह-जगह ड्राईफ्रूट्स और चॉकलेट की दुकानें सज गई हैं। यानि इस बार दीपावली है चॉकलेटी।
मिठाइयों को चुनौती दे रहे गिफ्ट आइटम
दीपावली को कैश करने के लिए बाजार में घमासान मचा है। बहुराष्ट्रीय कंपनियां बाजार में चॉकलेट्स और ड्राईफ्रूट्स के आकर्षक पैक उतारकर स्थानीय मिठाई विक्रेताओं को चुनौती दे रही हैं। लगातार बढ़ती महंगाई ने इस बार दीपावली को भी महंगा कर दिया है। जिसका असर बाजार में साफ दिख रहा है। उपहारों पर 15 से 20 फीसदी तक दाम बढ़े हैं। वहीं मिठाई और ड्राईफ्रूटस के दामों में भी इजाफा हुआ है।
चॉकलेट की बहार
हापुड़। बाजार में सभी चॉकलेट कंपनियों ने अपने चॉकलेट पैक उतारे हैं। इनकी कीमत 80 रुपये से शुरू होती है। ये चॉकलेट्स कई फ्लेवर में उपलब्ध हैं। उपभोक्ताओं को लुभाने के लिए कंपनियों ने इन्हें आकर्षक पैक में उपलब्ध कराए हैं। इसके अलावा कुुकीज ओर ड्राईफ्रूट्स के भी पैक बाजार में छाए हैं।
काजू, बादाम, मेवों के दाम बढ़े
हापुड़। मिलावटी मिठाई के मामले सामने आने पर लोगों ने दीपावली पर काजू, बादाम व अन्य मेवे बांटने शुरू कर दिए हैं। लेकिन इनपर भी महंगाई की मार तेजी से पड़ी है। आम आदमी इनसे दूर होता जा रहा है। लोग अपनी जेब के हिसाब से अन्य गिफ्ट आइटम ज्यादा खरीदना पसंद कर रहे हैं।
वजन कम, दाम ज्यादा
हापुड़। कंपनियों ने महंगाई से निपटने के लिए नया फार्मूला निकाला है। कम आय वर्ग के ग्राहकों को बनाए रखने के लिए कुछ कंपनियों ने दाम में मामूली इजाफा कर डिब्बे का वजन कम कर दिया है। मसलन जो पैक पिछले वर्ष 80 रुपये में 650 ग्राम था। वह इस साल 85 रुपये में 600 ग्राम कर दिया गया है।
देर से आती है जांच रिपोर्ट
हापुड़। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कृष्ण गोपाल यादव का कहना है कि 14 दिन में सैंपलों की जांच रिपोर्ट आती है लेकिन दीपावली के चलते सैंपल काफी अधिक प्रयोगशाला में पहुंचे हैं इसमें कुछ देरी हो सकती है। प्रयास है कि समय से रिपोर्ट मंगा ली जाए ताकि आगे की कार्रवाई समय से हो सके। जनपद में पिछले 15 दिनों में करीब 35 मिठाई, नमकीन, तेल, घी आदि के नमूने लिए गए हैं।
नहीं बचेंगे मिलावटखोर
हापुड़। जिलाधिकारी चक्रपाणि यादव का कहना है कि मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के लिए निर्देश सभी एसडीएम को दिए हैं। लगातार नमूने भरवाए जा रहे हैं। मिलावट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।