पिलखुवा। मतदाता जागरूक हों न हों पर नेता जी जरूर जागरूक हो रहे हैं। अपने स्वार्थ के लिए व्यवस्थाओं को धता बताते हुए नेता खुद ही फर्जी वोट बनने पहुंच रहे हैं। रविवार को जब बीएलओ ने कथित नेता के फर्जी फार्मों को लेने से मना किया तो उन्होंने हंगामा कर दिया।
नगरपालिका में रविवार को लगे मतदाता मेले में लोग अपने-अपने वोट बनवाने पहुंच रहे थे। इसी दौरान एक वार्ड से सभासद पद की तैयारी में जुटे नेताजी अपने साथ सौ-सौ फार्मों के बंडल लेकर पहुंच गए। बीएलओ ने इन फार्मों को जमा करने से मना कर दिया। इस पर कथित नेता जी का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और नेताजी ने हंगामा शुरू कर दिया। यह देखकर वहां काफी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। बाद में लोगों के समझाने पर नेताजी वहां से चलते बने। गौरतलब है कि पिछले माह भी फर्जी वोट बनवाने के लिए करीब 4000 फार्म आये थे, जिन्हें निरस्त किया गया था। इस मामले में एसडीएम जगतपाल सिंह ने बताया कि फर्जी वोट बनाने की शिकायतें मिलने के बाद फार्मों पर निगाह रखी जा रही है। कथित नेता को चेतावनी दी गई है।
हापुड़ और पिलखुवा में उमड़े मतदाता
हापुड़/पिलखुवा। राज्य चुनाव आयोग के निर्देश पर रविवार को हापुड़ नगर पालिका परिसर में लगे मेले में 994 लोगों ने नाम जुड़वाने, 71 ने नाम संशोधन कराने और 16 लोगों ने नाम काटने के फार्म जमा किए। मेले में उपजिलाधिकारी संतोष कुमार वैश्य, नायब तहसीलदार विशेश्वर सिंह के अलावा पालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आत्मा राम सगर ने बताया कि वोट बढ़ाने, नाम में त्रुटि सही करने और नाम काटने का कार्य 25 मई तक चलेगा। अभी भी किसी मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से शेष बचा है तो वह तहसील, नगर पालिका, कलेक्ट्रेट स्थित चुनाव कार्यालय में फार्म जमा कर सकता है।
पिलखुवा में नगरपालिका काम्पलेक्स में आयोजित मतदाता मेले में नगर के सभी 21 मतदान केन्द्रों के बीएलओ पहुंचे। 25 वार्डों से पहुंचे नगर के मतदाताओं की भीड़ मेले में उमड़ पड़ी। सुबह से लेकर शाम तक वोटरों की भीड़ रही। मतदाताओं ने यहां बैठे बीएलओ से अपने नाम, पिता का नाम, मकान नंबर, वार्ड नंबर आदि की त्रुटियों को दुरस्त कराया।
मेले में नयी वोट बनवाने के लिए 635 फार्म जमा किये गये, जबकि 165 फार्म विलोपन के लिए आये।