गोदाम और होटलों के कागजात भी खंगाले
समय से सिलेंडर न मिलने की थी शिकायत
हापुड़। शहर में दस्तोई रोड पर एचपी गैस एजेन्सी और उसके गढ़ रोड स्थित कार्यालय, चार होटलों पर गुरुवार को सीबीआई की टीम ने ताबड़तोड़ छापे मारकर महत्वपूर्ण दस्तावेज खंगाले। देर रात तक छानबीन होती रही। कार्रवाई के दौरान आपूर्ति विभाग की टीम भी साथ रही।
रसोई गैस की कालाबाजारी, सब्सिडी के दुरुपयोग की शिकायत पर गुरुवार की सुबह को सीबीआई की टीम निरीक्षक प्रमोद कुमार के नेतृत्व में दो गाड़ियों में हिन्दुस्तान पेट्रोलियम की एजेंसी प्रिया गैस सर्विस के गोदाम पर पहुंची। टीम ने वहां रखे सिलेंडरों की नाप-तोल कराई। टीम के सदस्यों ने रेलवे रोड स्थित एक होटल समेत बाबूगढ़ में स्थित तीन होटलों पर भी छापा मारकर घरेलू सिलेंडरों की तलाश की लेकिन वहां व्यावसायिक सिलेंडर ही मिले। इसके बाद सीबीआई टीम एजेंसी के गढ़ रोड स्थित कार्यालय पर पहुंची, जहां देर रात तक दस्तावेजों की जांच जारी थी। एचपी की गैस एजेंसी में छापे की खबर से अन्य एजेंसियों में भी हड़कंप मच गया। दिन भर एजेंसी संचालन सीबीआई टीम के मूवमेंट की जानकारी लेते रहे।
वहीं, सीबीआई टीम के सदस्य इसे रूटीन जांच कह रहे हैं। हालांकि उनका कहना है कि सही स्थिति की जानकारी पड़ताल पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि वह ऐसे कागजात कब्जे में नहीं ले रहे हैं जिससे शुक्रवार को गैस वितरण या बुकिंग में कोई परेशानी हो। टीम में क्षेत्रीय खाद्य आपूर्ति अधिकारी गाजियाबाद, विजयनगर, हापुड़ भी मौजूद थे।
इन बिंदुओं पर हो रही है जांच
रसोई गैस की कालाबाजारी
नए गैस कनेक्शन के लिए अधिक वसूली
गैस सिलेंडर निर्धारित मूल्य से अधिक में देने
फर्जी उपभोक्ताओं के नाम से कनेक्शन जारी करने
गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में मानक समय की अनदेखी