निजामपुर स्थित रोड़ी मिक्सचर प्लांट में छह बदमाशों का धावा
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र में निजामपुर-रघुनाथपुर मार्ग स्थित रोड़ी मिक्सचर प्लांट में मंगलवार रात छह बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने दो चौकीदारों को बंधक बनाकर लाइसेंसी बंदूक, मोबाइल, सिलेंडर और नगदी लूट ली। पुलिस घटना को चोरी बताकर उसकी लीपापोती में जुटी है।
निजामपुर के पास गाजियाबाद निवासी अमित गर्ग की आरजी बिल्डर बोल्ड वेल इंजीनियर्स लिमिटेड कंपनी का रोड़ी मिक्चर प्लांट है। मंगलवार रात प्लांट पर गांव उबारपुर निवासी जयप्रकाश और गांव रामपुर निवासी राकेश त्यागी तैनात थे। रात करीब साढ़े तीन बजे छह बदमाश प्लांट में पहुंचे और दोनों चौकीदारों को बांधकर कमरे में बंद कर दिया। बदमाशों ने जयप्रकाश की दोनाली लाइसेंसी बंदूक (डीबीबीएल-13986), 700 रुपये, मोबाइल, साइकिल, सिलेंडर लूट लिया। बदमाशों के जाने के बाद चौकीदारों ने शोर मचाया तो घटनास्थल के पास स्थित बाग में मौजूद व्यक्ति ने उन्हें मुक्त किया। वारदात की सूचना पर सीओ पवन कुमार यादव, थाना प्रभारी निरीक्षक राजेेंद्र सिंह यादव वहां पहुंचे और जांच की।
सीओ पवन यादव का कहना है कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो चौकीदार अपने गांव चले गए थे। उनके पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। हालांकि प्लांट के मालिक से बातचीत हुई है। ऐसा लगता है कि रात में सोते समय कोई बंदूक, साइकिल चोरी कर ले गया है। जांच के बाद ही मामला स्पष्ट होगा। रोड़ी मिक्चर प्लांट पर लूट की वारदात को पुलिस बेशक चोरी बताकर लीपापोती करने की कोशिश करे, पर लूट में लाइसेंसी बंदूक का जाना बड़ी बात है।