पिलखुवा। हवा और पानी को जहरीला कर रही वेद सेल्यूलोज पेपर मिल और मदर डेयरी के खिलाफ बृहस्पतिवार को तीन गांवों के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। चार घंटे तक डेयरी प्लांट के गेट पर ताला जड़कर लोगों ने हंगामा प्रदर्शन किया। विधायक को मौके पर पहुंच लोगों को समझाना पड़ा।
हाईवे स्थित मदर डेयरी प्लांट पर सुबह 5:30 बजे पहुंचे हिंडालपुर गांवों के लोगों ने गेट पर ताला जड़ दिया। इतने में लाखन और गालंद गांव के लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई। प्रदर्शनकारी लोगों का कहना है कि पेपर मिल और डेयरी द्वारा फैलाये जा रहे प्रदूषण से हवा-पानी जहरीला हो गया है। रात को मच्छर सोने नहीं देते हैं। कई बार हंगामा-प्रदर्शन करने के साथ ही अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई भी सुनने वाला नहीं है। सात बजे शिफ्ट बदलने का समय हुआ तो ड्यूटी से आने वाले और ड्यूटी जाने वाले लोग भी फंस गये। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी, सीओ मंशाराम गौतम ने लोगों को समझाया, लेकिन लोग नहीं माने। सुबह ही लखनऊ से यहां पहुंचे विधायक धर्मेश तोमर भी ट्रेन से उतकर सीधे डेयरी गेट पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को शांत किया। 9:30 पर डेयरी का गेट खुला। विधायक व एसडीएम धौलाना ने डेयरी के अंदर ईटीपी प्लांट और नाले में गिर रहे पानी को देखा। इस मौके पर बबलू प्रधान, पूर्व प्रधान सतबीर, रजित, डब्बू शर्मा, अंकुर शर्मा, कमल, अजीत गालंद, मांगे सिंह, सोनू, कोमल, कमल सिंह, अनिल, रामनिवास, अजीत, मुन्नापाल, अजीत पूर्व प्रधान, ब्रजमोहन तोमर, महेश आदि थे।