व्यापारियों को मिली व्यवसायिक कर में छूट
हापुड़। व्यवसायिक कर को लेकर चले आ रहे विरोध को नगर पालिका ने समाप्त कर दिया। सभासदों के प्रस्ताव के बाद नगर पालिका ने व्यवसायिक कर को घटकर आवासीय दरों का मात्र चार गुना कर दिया है। जबकि इससे पहले पहले इसकी दरें काफी अधिक थी। नगर पालिका परिषद के इस निर्णय का व्यापारियों ने स्वागत किया है।
सरकार द्वारा वर्ष 2013 में टैक्स की दरों का रिवीजन किया गया था। इस दौरान व्यापारियों पर व्यवसायिक करों के रूप में अत्यधिक भार डाला गया। तभी से व्यापारियों द्वारा इसका जबरदस्त विरोध किया जा रहा था। कई बार पालिका मे व्यापारियों द्वारा हंगामा भी किया गया। इस मामले को लेकर नगर पालिका ने व्यापारियों को बड़ी राहत देते हुए अप्रत्याशित फैसला लिया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय कृपाल के आवास पर आयोजित बैठक में पालिकाध्यक्ष प्रफुल्ल सारस्वत ने बताया कि वार्ड संख्या 19 के सभासद अब्दुल मलिक द्वारा नगर के व्यवसायिक कर को संशोधन के लेकर जनहित में एक प्रस्ताव को सदन के समक्ष प्रस्तावित किया था। जिसका वार्ड संख्या 23 के सभासद योगेंद्र पंडित ने अनुमोदन किया था। सदन द्वारा पूर्ण बहुमत के साथ व्यवसायिक कर व संशोधन प्रस्ताव को वर्तमान आवासीय दरों का मात्र चार गुना करना सुनिश्चित किया गया है। इसके अलावा सभासदों ने सरचार्ज माफ करने के लिए एक प्रस्ताव सदन में रखा था, वह भी पास हो गया। इससे नगर के व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। बैठक में विधायक विजयपाल आढ़ती, संजय कृपाल, नरेश अग्रवाल, योगेश पंडित, मूलचंद त्यागी, बिजेंद्र पंसारी उपस्थित थे।
व्यापारिक संगठनों ने किया स्वागत --
हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री टुक्कीराम गर्ग ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि अभी तक व्यापारियों से जो कर विभिन्न तरीके से 50 हजार से ऊपर वसूला जाता था। अब वह मात्र चार पांच हजार रुपये में सिमट जाएगा। यह शहर के व्यापारियों के लिए राहत भरी खबर है।