संक्रामक रोगों के खात्मे को 15 दिन मैदान में उतरेंगे अफसर
हापुड़। संक्रामक रोगों के खात्मे के लिए मंगलवार से 15 दिन तक सरकारी विभागों के अफसर मैदान में उतरेंगे। गांवों में प्रभात फेरी निकालकर लोगों को रोगों से बचाव की जानकारी दी जाएगी। इसमें ग्राम प्रधान/सभासद पूर्ण सहयोग देंगे। अंतर विभागीय समन्वय समिति के गठन के बाद सीडीओ ने सोमवार को बैठक लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं।
उल्लेखनीय है कि जिले में अब तक करीब 140 मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। इसके अलावा सैकड़ों लोग वायरल बुखार से पीड़ित हैं। अब डेंगू का प्रकोप भी फैलना शुरू हो गया है। जिले में तेजी से मच्छर जनित रोगों के फैलने का संज्ञान शासन ने भी लिया है। इनकी रोकथाम के लिए जिले में अंतर विभागीय समन्वय समिति का गठन किया गया है। रविवार को सीडीओ ने इस समिति की बैठक लेकर प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी सुनिश्चित की। साथ ही 15 अक्तूबर तक संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा बनाने के निर्देश दिए। इस अभियान के तहत सरकारी विभागों के अफसर शहर, गांव तक जाकर लोगों को जागरूक करेंगे।
गांवों में निकाली जाएंगी प्रभातफेरी
संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा के दौरान गांवों में प्रभातफेरी निकाली जाएगी। सुबह के समय अफसर गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को प्रभातफेरी में शामिल करेंगे और मच्छर जनित रोगों से बचने के लिए जागरूक करेंगे।
यह विभाग चलाएंगे अभियान
संचारी रोगों पर शिकंजा कसने के लिए अंतर विभागीय समन्वय समिति का गठन किया गया है। इसमें नगर विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, पशुपालन विभाग, महिला बाल विकास विभाग, शिक्षा, समाज कल्याण विभाग, कृषि विभाग, सिंचाई विभाग, स्वास्थ्य विभाग को शामिल किया गया है।
विभागों में मिला लार्वा तो होगी कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग के अफसर समय-समय पर सरकारी विभागों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान मच्छरों का लार्वा मिलने पर कार्रवाई की भी बात कही गई है। शासन को जाएगी पखवाड़े की रिपोर्ट
सीडीओ दीपा रंजन ने बैठक में कहा कि पखवाड़ा की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इसलिए सभी विभाग 15 अक्तूबर तक रिपोर्ट प्रस्तुत कर दें। बैठक में डॉ. जेपी त्यागी, डॉ. सतेंद्र कुमार, डॉ. राकेश समेत अनेक विभागों के अफसर मौजूद रहे।