खनन की जांच के लिए दो टीम गठित
-एसडीएम ने तहसीलदार को हाईवे निर्माण को लेकर अभी तक कराये गए खनन की जांच के दिए आदेश
-एक दो दिन में खनन के संबंध में चलाया जाएगा अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। हाईवे निर्माण और चौड़ीकरण के लिए हो रहे खनन में अनियमितताओं की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। एसडीएम ने इसके लिए दो टीमों का गठन किया है। ये टीमें मौके पर जाकर खनन का भौतिक सत्यापन का अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित कंपनी पर जुर्माना लगाएंगी। अमर उजाला में अवैध खनन का समाचार प्रकाशित होने के बाद कुचेसर रोड चौपला के पास कुछ गांवों में डंपरों से चल रहा खनन बंद हो गया है।
जिले में एनएच-24 व एनएच-235 के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसे लेकर क्षेत्र में 1.77 करोड़ रुपये की रायल्टी जमा कराई गई है। हैरानी की बात है कि इस रायल्टी से कहीं अधिक भूमि का खनन कर सरकार को राजस्व का चूना लगाया गया है। इसकी शिकायत ग्रामीण भी कर चुके हैं।
हालांकि पिलखुवा में अनुमति से अधिक खनन करने पर निर्माण कंपनी पर जुर्माना हो चुका है। अब हापुड़ के आसपास के क्षेत्रों में भी हो रहे खनन पर अधिकारियों की नजर टेढ़ी हो चुकी है।
एसडीएम डा. अजय कुमार श्रीवास्तव ने दो टीमें गठित कर जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि वे इस समय लखनऊ बैठक में हैं, लेकिन इससे पहले उन्होंने तहसीलदार व न्यायिक तहसीलदार को जांच के आदेश दे दिए हैं। दोनों टीमें अभी तक गांवों में किये गए खनन के संबंध में मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन करेंगी। मौके पर रायल्टी जमा करने से अधिक खनन पाया गया तो निर्माण कंपनी पर जुर्माना लगाया जाएगा।
गांव मोहम्मदपुर आजमपुर में खनन बंद
कुचेसर रोड के पास स्थित गांव मोहम्मदपुर आजमपुर में एनएच-24 के लिए जमकर खनन चल रहा था। दिन रात डंपरों के माध्यम से खनन किया जा रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले अमर उजाला में अवैध खनन को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद यहां खनन पूरी तरह से बंद है।