शहर में दो दुकानों से हजारों की चोरी
हापुड़। सर्दी बढ़ते ही शहर में चोरी की घटनाएं तेज हो गई हैं। शनिवार रात चोरों ने दो अलग अलग स्थानों पर चोरी कर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित दुकानदारों ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है।
जानकारी के अनुसार कोटला मेवतियान में डॉ. उमरद्दीन का क्लीनिक है। शनिवार रात वह अपने क्लीनिक का ताला लगाकर अपने घर आ गए थे। रात के समय चोरों ने उनके क्लीनिक के ताले तोड़कर वहां रखी हजारों रुपये की नकदी और दवाइयां चोरी कर लीं । रविवार सुबह जब चिकित्सक अपने क्लीनिक पर पहुंचे और ताले टूटे देखे तो चोरी की घटना का पता चला। जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।
इसके अलावा बुलंदशहर रोड निवासी मोहम्मद फारूख की पक्का बाग चौराहा के पास स्थित यूनियन बैंक के सामने फेब्रीकेशन की दुकान है। शनिवार रात को चोरों ने उसकी दुकान का ताला तोड़कर वहां रखा सिलेंडर और अन्य सामान चोरी कर लिया। पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
एसएचओ पंकज लवानिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। रात्रि में पुलिस टीम को गश्त बढ़ाने का आदेश दिया गया है। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाएगा।