पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पति सहित दो पर रिपोर्ट दर्ज
-सोमवार को होना है जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनाव
-अपहरण का प्रयास सहित कई आरोप लगाकर की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। जिला पंचायत सदस्य शशि कसाना ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष/ वर्तमान जिला पंचायत सदस्य सुनीता यादव के पति व उसके भाई के खिलाफ वोट के नाम पर धमकाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि उनके अपहरण का प्रयास भी किया गया। पूरे मामले को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है।
वर्तमान में सपा गुट के सतपाल यादव की पत्नी सुनीता यादव पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष है। जबकि वर्तमान में सुनीता यादव जिला पंचायत सदस्य है। सतपाल के खेमे में माने वाली रजनीलता खटीक जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। भाजपा की सरकार आने के बाद कुछ दिन पूर्व उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आ चुका है। जिसको लेकर सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होना है। चुनाव को लेकर सपा व भाजपा गुट आमने सामने है। दोनों ही गुट जीत के लिए कोई कसर नहीं छोडना चाहते हैं।
जिला पंचायत सदस्य शशि कसाना ने आरोप लगाया कि सतपाल यादव व उनका भाई कुंवरपाल पिछले चार अगस्त से अपने पक्ष में मतदान के लिए दबाव डाल रहे थे। जिसके लिए उन्हें लालच भी दिया जा रहा था। रविवार को दोनों लोग अपने कुछ साथियों के साथ उनके घर पहुंचे। जहां उन्होंने अपने पक्ष में वोट डालने की बात कहते हुए धमकाया। साथ ही उनके अपरण का प्रयास किया। इस दौरान उनके भाई को जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस दौरान काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की शिकायत कोतवाली में दर्ज कराई गई है। समाचार लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज हो रही थी।
सीओ पवन कुमार ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। किसी भी प्रकार का व्याधान डालने वाले लोगों से सख्ती से निपटा जाएगा। निष्पक्ष चुनाव कराना ही प्राथमिकता है।
सतपाल यादव ने आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने राजनीति के तहत फंसाने का आरोप लगाया है।
----
दानिश 20 एचपीआर 27