गढ़ के अधिवक्ताओं ने रजिस्ट्री कार्यालय में ताला जड़ा
गढ़मुक्तेश्वर। हापुड़ बार एसोसिएशन के समर्थन में गढ़ के अधिवक्ता भी हड़ताल पर रहे। अधिवक्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रजिस्ट्री कार्यालय पर ताला जड़ दिया तथा वकील के खिलाफ दर्ज मुकदमे को निरस्त कराने के साथ ही हाफिजपुर एसओ को निलंबित करने की मांग की।
गढ़ बार एसोसिएशन अध्यक्ष चौधरी अमरपाल सिंह की अध्यक्षता और सचिव राजेंद्र चौहान के संचालन में शुक्रवार को गढ़ बार एसोसिएशन की बैठक हुई, जिसमें जिला बार एसोसिएशन हापुड़ के आह्वान पर विचार विमर्श करने के बाद सर्व सम्मति से एक दिन की हड़ताल करने का निर्णय लिया गया। चौधरी अमरपाल सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने हापुड़ के वकील मुकेश शर्मा निवासी सादकपुर के खिलाफ दर्ज किए गए फर्जी मुकदमे को निरस्त कराने के साथ ही हाफिजपुर एसओ को निलंबित किए जाने की मांग करते हुए सब रजिस्ट्रार कार्यालय में तालाबंदी कर दी। जिससे बैनामा करने के लिए लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। इस मौके पर सुहेल आलम, महताब चौधरी, सुशील दहिया, मनोज गोयल, धनवंत राय, मूलचंद, लक्ष्मी नारायण, शाकिर अली, पवन कंसल, सुरेंद्र सैनी, हरिशंकर राणा, पियूष गोयल, एनएस राणा, मिलिन, अनुज चौहान समेत अधिकांश वकील मौजूद रहे।