सिंभावली की छात्रा का शव बुलंदशहर में मिला
गढ़मुक्तेश्वर। गांव खुड़लिया से छह दिन पहले संदिग्ध परिस्थिति में लापता छात्रा का शव जनपद बुलंदशहर के भूड़ इलाके में नहर में पड़ा मिला। छात्रा की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव खुड़लयिा निवासी जितेंद्र की 23 वर्षीय बेटी मनु एमए की छात्रा थी। वह छह दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। जितेंद्र ने सिंभावली थाने में तहरीर दी थी। इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में भी लिया था। सिंभावली थाना प्रभारी दिनेश यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को बुलंदशहर के भूड़ क्षेत्र में नहर में एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली। इसके बाद युवती के परिजनों को सूचना दी गई। सूचना के बाद बुलदंशहर पहुंचे जितेंद्र और अन्य परिजनों ने शव की शिनाख्त मनु के रूप में की। मृतका के परिजनों ने किसी भी कार्रवाई से इंकार किया, लेकिन बुलंदशहर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका के परिजनों का कहना है कि वह नाराज होकर घर से चली गई थी, जिसके बाद संभवत: उसने नहर में कूदकर खुदकुशी कर ली होगी। उधर बुलंदशहर पुलिस हत्या के एंगल पर भी जांच कर रही है।