रातभर दो बिजलीघर रहे ठप, दर्जनों गांवों में रहा ब्लैक आउट
हापुड़। हाईटेंशन लाइन में फाल्ट के कारण बुधवार को हापुड़ और गढ़ डिवीजन के दो बिजलीघर रातभर बंद पड़े रहे। बुधवार शाम करीब छह बजे बिजलीघरों की आपूर्ति बहाल हो सकी। ऐसे में दर्जनों गांवों के लोगों को भीषण गर्मी में मच्छरों के प्रकोप, पानी किल्लत की समस्या से परेशान होना पड़ा।
हापुड़ डिवीजन के जसरूपनगर बिजलीघर से गांव पांची, जसरूपनगर, दस्तोई व उपैड़ा बिजलीघर से जुड़े गांव उपैड़ा, अटूटा, रसूलपुर, कुचेसर चौपला समेत दो दर्जन गांवों को बिजली आपूर्ति दी जाती है। मंगलवार रात करीब 11 बजे दोनों बिजलीघरों पर फाल्ट के कारण संबंधित गांवों की बत्ती गुल हो गई। पूरी रात गांवों में ब्लैक आउट रहा। सुबह उठने पर भी ग्रामीणों को बिजली आपूर्ति नहीं मिली। बुधवार शाम करीब छह बजे दोनों बिजलीघरों को चालू करा, ग्रामीणों को राहत दिलाई जा सकी। एसडीओ रामशरण ने बताया कि ट्रांसफार्मर के जंपर व हाईटेंशन लाइन में फाल्ट के कारण यह समस्या बनी थी, जिसे दुरुस्त कर ग्रामीणों को राहत दिला दी गई है। ब्यूरो