बार चुनाव दोनों खेमों के लिए बना प्रतिष्ठा का सवाल
गढ़मुक्तेश्वर। दोनों खेमों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बने बार एसोसिएशन चुनाव में किस्मत आजमा रहे प्रत्याशियों समेत समर्थकों ने भी प्रचार में ताकत झोंक दी है, जिससे वोटरों की खूब मौज आ रही है।
गढ़ बार एसोसिएशन चुनाव का मतदान और चुनाव परिणाम की घोषणा 30 जून को होनी है, जिसका समय नजदीक आता देख चुनावी दंगल में किस्मत आजमा रहे प्रत्याशियों की धड़कनें तेज होने लगी हैं। जो अपनी जीत पक्की करने के मकसद से सिविल कोर्ट और तहसील परिसर में वकीलों के साथ लंबी वार्ता कर उन्हें अपने पक्ष में लाने की कवायद करने में जुटे हुए हैं। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी पूर्व अध्यक्ष सीएस यादव और अमरपाल सिंह के बीच कांटे का मुकाबला है, जबकि सचिव पद पर भी राजेंद्र चौहान और संजीव चौहान में सीधी टक्कर है। प्रत्याशियों समेत उनके समर्थक भी मेरठ, हापुड़, सिंभावली, बहादुरगढ़, गढ़, ब्रजघाट समेत गांवों में रहने वाले वकीलों के घर पहुंचकर डोरे डालने में जुटे हुए हैं। इसके अलावा चुनावी सरगर्मी बढ़ते ही नेशनल हाईवे किनारे होटल-ढाबों में भी दावतों का दौर तेज हो चुका है, जहां वोटरों को अपने पक्ष में लाने की सारी कवायदें हो रही हैं।
नरेंद्र त्यागी, रामौतार पुंडीर, संजीव सैनी, संजीव समंतराज, संदीश, अनिल चौहान, हरिशंकर राणा, अभिनेंद्र चौहान, हिमांशु त्यागी, नरेश लोधी, धीरज लोधी, गुलफाम, प्रदीप, इंतजार, राज जयंत, विपिन शर्मा, रविंद्र चौधरी, विकास पुंडीर, खालिद चौधरी, पियूष गोयल, सबिहा चौधरी, शुमाइला खान ने अपने गुट से जुड़े प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगे।