आईजीआरएस पर समस्याओं के निस्तारण में हापुड़ अव्वल
हापुड़। जन सुनवाई पोर्टल आईजीआरएस पर होने वाली शिकायतों के निस्तारण के मामले में हापुड़ जनपद अप्रैल माह में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। जिले में समस्याओं के निस्तारण करने पर शासन की ओर से किये गए मूल्यांकन में 98.95 अंक मिले हैं। इस उपलब्धि पर डीएम ने जिले के सभी अधिकारियों को बधाई दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से अधिकारियों को स्पष्ट आदेश है कि जन सुनवाई पोर्टल आरजीआरएस पर आने वाली शिकायतों का पंद्रह दिन के अंदर निस्तारण किया जाए। इसके लिए समय-समय पर अधिकारियों को निर्देशित किया जाता रहा है। इसके बावजूद अधिकारियों द्वारा लापरवाही बरती जाती है। हालांकि हापुड़ जनपद ने इस बार इस मामले में बाजी मारी है। अप्रैल के मूल्यांकन में हापुड़ जनपद ने प्रदेश के सभी जनपदों को पछाड़ते हुए पहली रैंक प्राप्त की है। इस संबंध में डीएम अदिति सिंह ने जिले के सभी अधिकारियों की पीठ थपथपाते हुए बधाई दी है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्यशैली की उम्मीद की है।