दवा कारोबारी के चार प्रतिष्ठानों पर छापा
हापुड़। संजय विहार निवासी एक दवा निर्माता कंपनी के आवास, फैक्ट्री व फार्म हाउस सहित चार प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग के अधिकारियों की चार टीम ने एक साथ छापेमारी की। इसके चलते शहर में हड़कंप मच गया। लगभग दस घंटे की इस कार्यवाही में अधिकारी करोड़ों रुपयों के रिकॉर्ड की फाइलें और बहीखाते समेटने में लगे रहे। कार्रवाई के लेकर शहर के अन्य कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा। वहीं, इस कार्रवाई में करोड़ों की कर चोरी पकड़े जाने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस मामले में अधिकारी भी मीडिया से बात करने से बचते रहे।
बुधवार की सुबह दस बजे आयकर विभाग के बुलंदशहर/ हापुड़ के अपर आयुक्त मुंशीराम के निर्देशन में हापुड़, बुलंदशहर व गाजियाबाद सहित कई जिलों की 28 सदस्यीय टीम ने मेरठ रोड स्थित संजय विहार आवास विकास कालोनी निवासी दवा कारोबारी बीएस त्यागी के यहां छापा मारा। अलग अलग अधिकारियों की टीम ने उनकी मेरठ रोड स्थित फैक्ट्री, किठौर रोड स्थित फार्म हाउस व उनके दो मकानों पर छापामार कार्रवाई की। आयकर अधिकारियों ने दस घंटे से अधिक की कार्यवाही के दौरान करोड़ों के लेनदेन की फाइलें जब्त की। सूत्रों का कहना है कि उनकी छह दवा कंपनी हैं। जिनमें चार कंपनी में कोई कार्य नहीं होता है। बताया जा रहा है कि तीन कंपनियों का पता भी मकान के स्थान पर दर्शाया गया है। अधिकारी पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटे हैं। करोड़ों रुपये कर चोरी की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार इन फर्मो के मालिक ने अपनी सभी छह दवा कंपनी के आईटीआर भरने में आयकर विभाग को काफी चूना लगाया है। इसके अलावा उन्होंने फार्म हाउस पर कार्यक्रमों की होने वाली बुकिंग भी नहीं दिखाई है।
अधिकारियों को संपत्ति का ब्योरा देने से किया इनकार
इससे पूर्व अधिकारियों ने उनसे संपत्ति घोषित करने का आग्रह किया। लेकिन मालिक ने सब कुछ सही होने की बात कही है। समाचार लिखे जाने तक अधिकारियों की कार्रवाई जारी थी। इस दौरान व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति रही। पूरे मामले को लेकर अधिकारी मीडिया से बचते रहे।
अपर आयकर आयुक्त बुलंदशहर/ हापुड़ मुंशीराम का कहना है कि अभी टीम की कार्यवाही पूरी नहीं हुई है। मकान और फैक्ट्री से जो बैनामे व अन्य अभिलेख मिले हैं। इस पर जांच की जा रही है। इससे अधिक कुछ नहीं बताया जा सकता है।
रडार पर हैं शहर के कई कारोबारी
- एक वर्ष पूर्व भी पड़ा था स्टील कारोबारी के यहां छापा
- कई राज्यों में फैला है दवा कारोबारी का व्यापार
दानिश
हापुड़। शहर में कर चोरी के मामलों को लेकर आयकर विभाग के रडार पर शहर के कई कारोबारी हैं। ऐसे में बुधवार को एक बार फिर शहर के व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।
सूत्रों के अनुसार करोड़ों के लेनदेन व प्रॉपर्टी की खरीद फरोख्त करने वालों की सूची में हापुड़ के कई व्यापारी शामिल हैं। एक वर्ष पूर्व भी आयकर विभाग ने शहर के प्रमुख स्टील कारोबारी के यहां छापामारी की थी। जिसके बाद व्यापारियों ने हंगामा भी किया था। लेकिन पुलिस बल के सामने उनकी एक नहीं चली। इस कार्रवाई के दौरान कर चोरी का मामला प्रकाश में आया था। बुधवार को एक बार फिर दवा कारोबारी के यहां छापामार कार्रवाई हुई तो व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
घर के पते पर कैसे मिल गई फैक्ट्री चलाने की अनुमति
दवा कारोबारी के यहां फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई करने पहुंचे उस वक्त अधिकारी सकते में आ गए। जब उन्हें फैक्ट्री के स्थान पर मकान मिला। अधिकारियों से जब मकान पर फैक्ट्री चलने की बात कहते हुए मीडिया कर्मियों ने सवाल पूछे तो वह बगले झांकने लगे। कुल मिलाकर इस मामले में कई अधिकारियों के चेहरे भी बेनकाब हो सकते हैं।