हापुड़। इन्वेस्टर्स समिट में आए करीब 35 हजार करोड़ के प्रस्तावों में भले ही अभी तक अधिकांश धरातल न उतरें हो, लेकिन अब कई बड़े उद्यमियों को प्रशासन ने निवेश के लिए राजी कर लिया है। 19 फरवरी को लखनऊ में आयोजित भूमि पूजन समारोह में हापुड़ से भी 35 उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा। जबकि दस करोड़ तक के निवेश के सूक्ष्म उद्योग स्थापित करने वाले 43 उद्यमियों को स्थानीय स्तर आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
जिला उद्योग प्रोत्साहन केंद्र लगातार जिले में उद्योगों की स्थापना के लिए प्रयास कर रहा है। पिछले वर्ष फरवरी में हुए इन्वेस्टर्स समिट के दौरान जिले में उद्योग स्थापित करने के लिए देश व विदेश से भी प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। कुछ मामलों में सफलता मिली है और कार्य धरातल पर दिखाई देने शुरू हो गए हैं। लेकिन अधिकांश प्रस्ताव अधर में थे। 19 फरवरी को लखनऊ में आयोजित भूमि पूजन समारोह के साथ जिले में भी अटके अधिकतर प्रस्तावों पर एक बार फिर काम शुरू हो जाएगा। वहीं, 35 बड़े और 43 सूक्ष्म उद्योगों से जुड़े उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा।
सम्मान समारोह की तैयारी में जुटा प्रशासन
जिले से बड़े प्रोजेक्ट से जुड़े 35 उद्यमियों को लखनऊ भेजने की तैयारी है। इन्वेस्टर्स समिट के दौरान आए बड़े प्रस्तावों में जिन प्रस्तावों पर जल्द ही कार्य शुरू होने वाला है, उन उद्यमियों को लखनऊ जाने का मौका दिया गया है। जबकि 10 करोड़ तक के सूक्ष्म उद्योगों को लगाने के लिए राजी हुए 42 उद्यमियों को स्थानीय स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए चिन्हित किया गया है। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का हापुड़ में एलईडी के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उद्यमियों के अलावा जनप्रतिनिधि व जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे। डीएम प्रेरणा शर्मा ने कार्यक्रम की सभी तैयारियों को पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
जिले में घूमेगा विकास का पहिया -
जिले में नए उद्योग स्थापित होने की उम्मीद एक बार फिर जगी है। पूर्व में आए प्रस्तावों में रही सभी बाधाओं को दूर करने के साथ उद्यमियों को सभी सुविधाएं जिला प्रशासन द्वारा मुहैया कराई जाएंगी। जिले में आवासीय कालोनियों के निर्माण के अलावा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रिजोर्ट बनेंगे। वहीं इलेक्ट्रानिक्स, बायो इंजीनियरिंग प्लांट, प्राइवेट इंडस्ट्रियल पार्क, डेयरी उद्योग, चिलिंग प्लांट, वेयर हाउस व लॉजिस्टिक पार्क, आर्गेनिक फैक्टरी, इलेक्ट्रिक उपकरण बनाने की यूनिट आदि शामिल हैं।
कोट -
भूमि पूजन सम्मेलन के लिए जिले में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। लखनऊ के साथ हापुड़ में भी बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए स्थान की तलाश की जा रही है, जल्द ही स्थान चिन्हित कर लिया जाएगा। -अभिषेक कुमार, सीडीओ।