सुरक्षित प्रसव के लिए आया एप
हापुड़। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए सुरक्षित प्रसव एप लांच किया गया है। एप में एनिमेटेड फिल्में होेंगी, जिसे देखकर गर्भावस्था एवं प्रसव के दौरान होने वाली जटिलताओं के उपचार आदि की पूरी जानकारी मिल सकेगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश के मिशन निदेशक पंकज कुमार की ओर से जिले की सभी स्वास्थ्य इकाइयों को भेजे पत्र में बताया कि सेफ डिलिवरी एप एक नवीनतम स्वास्थ्य उपकरण है। इसके द्वारा एनीमेटेड फिल्मों के माध्यम से बहुत ही सरल तरीके से प्रसव के दौरान होने वाली जटिलताओं के उपचार का तरीका दर्शाया गया है।
सेफ डिलिवरी एप के माध्यम से स्वास्थ्य इकाइयों में काम करने वाली स्टाफ नर्स और एएनएम का प्रसव संबंधी क्लीनिकल स्किल अपडेट किया जा सकेगा। स्वास्थ्य कार्यकर्ता इस एप को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही तरह से उपयोग कर सकते हैं।
प्रदेश की समस्त चिकित्सा इकाइयों के प्रसव कक्ष एवं मैटरनिटी ओटी में कार्यरत स्टाफ नर्स, एएनएम और चिकित्साधिकारी इस एप को प्राथमिकता देंगे।
सीएमओ डा.राजवीर सिंह ने बताया कि गाइड लाइन मिल चुकी है। जिले से लेडीज मेडिकल आफिसर पहले ट्रेनिंग लेंगी। उसके बाद वह जिला स्तर पर महिला चिकित्सक व स्टाफ नर्स को जानकारी देंगी। सुरक्षित प्रसव की दर में बढ़ोतरी के लिए यह एप शुरू किया गया है।