जीपीएस से होगा जिले में गन्ने का सर्वे - डा.वीबी सिंह
हापुड़। संयुक्त गन्ना आयुक्त डा. वीबी सिंह ने कहा कि इस बार जिले में उत्पादित गन्ने का सर्वे जीपीएस के माध्यम से कराया जाएगा, प्रत्येक सर्वे कर्मी जीपीएस की बारीकियों को सीख ले। 30 जून तक हार हाल में सर्वे हो जाना चाहिए, इसकी रिपोर्ट प्रतिदिन शुगर मिल व लखनऊ की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड की जाए।
संयुक्त गन्ना आयुक्त डा. वीबी सिंह बृहस्पतिवार को हापुड़ में गन्ने सर्वे कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष किसानों ने जो फर्द उपलब्ध करायी थी, कृषक वार भू क्षेत्रफल की फीडिंग समिति के कंप्यूटर से अवश्य पूरी करा ली जाए। सर्वे कार्य में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान उन्होंने हापुड़ गन्ना समिति का भी निरीक्षण किया और दस्तावेजों का के रख रखाव को लेकर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने गांव लालपुर में प्रगतिशील किसान आदेश के द्वारा खेत में लगाई गई ड्रिप सिंचाई प्लांट, सहफसली खेती का निरीक्षण कर, कार्य को सराहा। अन्य किसानों से भी सहफसली खेती की अपील की गई।
इस मौके पर जिला गन्ना अधिकारी ओपी सिंह, ज्येष्ठ गन्ना अधिकारी जगतराम, राजीव सेठ, मनोज कुमार, अमानउल्ला खां, फकीरचंद शर्मा आदि मौजूद रहे।