हापुड़ बार एसोसिएशन अध्यक्ष पर दर्ज हुआ बिजली चोरी का मुकदमा
हापुड़। पावर कारपोरेशन द्वारा हापुड़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के खिलाफ उनके आवास में बिजली चोरी किये जाने का मुकदमा दर्ज कराया गया। इसके विरोध में गुस्साए अधिवक्ताओं ने गुरुवार को हड़ताल, प्रदर्शन कर एसडीओ पर रंजिशन मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाते हुए आरपार की लड़ाई का एलान किया है। वहीं निगम के उच्चाधिकारियों ने कार्रवाई की जानकारी से ही इंकार कर दिया।
एसडीओ पूजा वर्मा और अधिवक्ताओं के बीच पूर्व में मुकदमा दर्ज कराए जाने को लेकर विवाद चल रहा है। बुधवार को पावर कारपोरेशन की टीम ने हापुड़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कंसल के प्रकाश नगर स्थित आवास पर छापा मारा।
इसके बाद जेई आनंद कुमार मौर्य ने कोतवाली में बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज करा दिया। इस कार्रवाई से गुस्साए हापुड़ बार एसोसिएशन के अधिवक्ता लामबंद हो गए। बृहस्पतिवार को अधिवक्ताओं ने रंजिशन मुकदमा दर्ज कराये जाने का आरोप लगाते हुए हड़ताल की घोषणा कर दी।
अध्यक्ष संजय कंसल ने कहा कि एसडीओ के इशारे पर पूरी तरह से रंजिशन और झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सचिव जितेंद्र चौधरी ने कहा कि पावर कारपोरेशन के अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे हैं, अब आरपार की लड़ाई होगी। अधिवक्ता अनिल आजाद ने कहा कि एसडीओ महिला अधिकारी हैं, इसलिए अधिवक्ता उनका सम्मान करते हैं। लेकिन उनकी कार्य प्रणाली जनता के खिलाफ है, इसलिए उन्हें अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिवक्ता अजीत सिंह, श्यामवीर सिंह, अनिल शिशौदिया, हरीश शर्मा, संजय मित्तल, भोपाल शिशोदिया, खालिद खान, मोहम्मद उमर कुरैशी, केपी सिंह, नरेंद्र मान, जगदीश जौहरी, राजीव शर्मा ने मामले की निंदा की।
वहीं निगम के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें इस कार्रवाई की जानकारी नहीं है, वह मामले की जानकारी करा रहे हैं। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।