बुलंदशहर कांड के दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई : कांता कर्दम
हापुड़। भाजपा की राज्यसभा सांसद कांता कर्दम ने कहा कि बुलंदशहर में तीन दिसंबर को हुई घटना पर अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेना चाहिए। राज्य सभा सांसद चैंबर आफ कामर्स में पत्रकारों से वार्ता कर रही थी।
उन्होंने कहा कि पुलिस दोषियों की धरपकड़ का हर संभव प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री इस मुद्दे पर पल पल नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक दिसंबर से पदयात्रा निकालकर लोगों को सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि दलित बस्तियों को विकसित करने पर भाजपा का विशेष ध्यान है। उन्होंने कहा कि लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं, जिससे हर वर्ग के लोगों को इनका लाभ मिल सके। उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि प्रदेश में काफी समय बाद भाजपा की सरकार बनी है। जबकि बसपा या दूसरी सरकारों ने कोई विकास नहीं किया।
पार्टी के व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक व हापुड़ विधान सभा प्रभारी विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि भाजपा की कमल संदेश यात्रा एक मील का पत्थर साबित होगा। देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री विकास की गंगा बहा रहे हैं। इस दौरान नगर पालिका चेयरमैन प्रफुल्ल सारस्वत, कपिल एसएम, विनोद गुप्ता, मनोज बाल्मीकि, प्रवीन सेठी उपस्थित थे।