प्राधिकरण के आवास मेले में उमड़ी भीड़
हापुड़। हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण के सभागार में 23 से 29 अगस्त तक आयोजित होने वाले आवास मेले में पहले दो दिनों में 400 से अधिक नागरिकों ने योजना के बारे में जानकारी की जबकि करीब 50 लोगों ने मकान हेतु आवेदन फार्म खरीदे। प्राधिकरण प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत सस्ते आवास भी उपलब्ध कराएगा लेकिन इसके लिए डूडा/सूडा में रजिस्ट्रेशन होना जरूरी है।
प्राधिकरण के सचिव एवं वित्त नियंत्रण अशोक कुमार सिंह ने बताया कि इस मेले के माध्यम से प्राधिकरण की आनंद विहार आवासीय योजना में पहले आओ पहले पाओ योजना के तहत एमआईजी भवनों का आवंटन होना है। उन्होंने बताया कि मध्यम आय वर्ग श्रेणी एक में 128, श्रेणी दो में 118 और निम्न आय वर्ग में 140 आवासीय भवनों का आवंटन किया जाना है। उधर प्रधानमंत्री आवास योजना के घटक सीएलएलएस के अन्तर्गत 6 लाख रुपये तक के ऋण पर ब्याज में छूट भी मिलेगी। बताया कि आनंद विहार एच ब्लाक में भी विभिन्न श्रेणी के चार मंजिला 167 मकान हैं जबकि 40 मकान तीन मंजिला हैं। ईडब्लूएस मकान की कीमत सिर्फ 5.25 लाख रुपये है। जबकि प्रधानमंत्री आवासीय योजना मेें बनने वाले आवास की कीमत 4.50 रुपये निर्धारित है। इस योजना में आवेदक को 5 वर्ष में 60 आसान किश्तों में सिर्फ दो लाख रुपये देने होंगे। बाकी का अनुदान मिलेगा, लेकिन मकान सिर्फ डूडा या सूडा में रजिस्ट्रेशन कराने वालों की ही मिलेंगे।