स्वच्छता कार्यक्रम में जिले की रैंक बढ़ाएंगे छात्र
हापुड़। स्वच्छता कार्यक्रम में जिले की रैंक बढ़ाने की जिम्मेदारी अब माध्यमिक शिक्षा विभाग को भी दी गई है। शासन के आदेश पर जिला प्रशासन ने माध्यमिक शिक्षा विभाग को दो हजार फीड बैक देने का लक्ष्य दिया है। शिक्षक और छात्र एंड्रोयड मोबाइल फोन पर निर्धारित एप को डाउनलोड कर, फीड बैक देंगे। इस संबंध में डीआईओएस ने शिक्षकों को निर्देशित कर दिया है।
सरकार स्वच्छता पर काफी ध्यान दे रही है। स्वच्छता कार्यक्रमों के तहत अब जिलों को रैंकवार बांटने की भी योजना तैयार की गई है। इसके लिए एसएसजी-18 नाम से एप लांच किया है। जिसे एंड्रोयड फोन पर निशुल्क डाउनलोड किया जा सकता है। अभी तक आमजन से ही स्वच्छता पर फीड बैक लिया जा रहा था, लेकिन अब सरकार ने स्वच्छता कार्यक्रम से छात्रों को भी जोड़ने का फैसला लिया है। जिला प्रशासन ने माध्यमिक शिक्षा विभाग को स्वच्छता के संबंध में दो हजार फीड बैक देने का लक्ष्य दिया है। प्रार्थना के समय शिक्षक छात्रों के साथ मिलकर इस लक्ष्य को पूरा करेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने बताया कि इस संबंध में सभी स्कूलों को आदेश जारी कर दिया है, स्वच्छता के संबंध में फीड बैक किस तरह दिया जाएगा, इसकी भी जानकारी दे दी गई है।