खराब एलईडी बल्बों की बदली करेगा ऊर्जा निगम
हापुड़। मोदी नगर रोड स्थित बिजली निगम के वर्कशॉप पर 11 फरवरी को कैंप लगाकर खराब एलईडी बल्बों की बदली की जाएगी। बिल काउंटरों से बल्ब लेने वाले उपभोक्ता कैंप में पहुंचकर लाभ उठा सकते हैं।
बिजली की बचत के लिए शासन ने बिजली निगम के बिल काउंटरों से एलईडी बल्बों की बिक्री कराई थी। मगर, बहुत से उपभोक्ताओं ने बल्ब एक साल से पहले ही खराब होने की शिकायत की थी। इन बल्बों की बदली के लिए उपभोक्ता निगम कार्यालयों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन बल्ब निर्माता कंपनी की ओर से कोई कैंप आदि न लगाए जाने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करा पड़ा। उपभोक्ताओं को समस्या से राहत दिलाने के लिए अब निगम अफसरों ने 11 फरवरी को मोदी नगर रोड स्थित वर्कशॉप कार्यालय पर कैंप लगाकर एचसीएल कंपनी के खराब एलईडी बल्बों की बदली करने का निर्णय लिया है। हालांकि बल्ब के कवर पर लिखी शर्तों के आधार पर ही बल्ब की बदली होगी।
अधीक्षण अभियंता बीएल मौर्य का कहना है कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए यह कैंप लगवाया जा रहा है। इसमें खराब बल्बों की बदली कराई जा सकेगी।