मोबाइल एप से होगी ट्रेन इंजनों की मॉनिटरिंग
-इंजन सबंधी सूचनाओं को तुरंत अधिकारियों तक पहुंचाने की होगी कवायद
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। रेल इंजनों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए विभाग ने इंजनों से संबंधित त्रुटियों व सुझावों के लिए लोको निरीक्षण फुट प्लेट मोबाइल एप तैयार किया है। इसके माध्यम से किसी भी इंजन संबंधी सूचना को तत्काल रूप से अधिकारियों तक पहुंचाया जा सकेगा।
रेल दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे प्रशासन आए दिन नए-नए बदलाव कर रहा है। इसके तहत अब रेल इंजनों की मॉनिटरिंग मोबाइल से ही हो सकेगी। रेलवे विभाग ने लोको निरीक्षण फुट प्लेट नाम से मोबाइल एप तैयार किया है। अभी तक लोको निरीक्षक इंजन संबंधित निरीक्षण रिपोर्ट कागजी रूप पर तैयार कर उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाती थी। इसका अवलोकन उच्चाधिकारी रिपोर्ट मिल जाने के बाद करते थे, लेकिन इस एप के माध्यम से अब तत्काल रूप से इंजन संबंधित खामियों व सुझावों को मोबाइल के माध्यम उच्चाधिकारियों तक पहुंचा दिया जाएगा।
मुरादाबाद मंडल डीआरएम एके सिंघल ने बताया कि इस एप के माध्यम से मोबाइल से ही इंजन संबंधी सूचनाओं को तुरंत अधिकारियों के संज्ञान में लाया जा सकेगा। इससे मिलने वाली खामियों के संबंध में तत्काल रूप से कार्रवाई की जा सकेगी।