शुगर मिलों को गन्ना भुगतान के लिए कर्ज देगी सरकार
गढ़मुक्तेश्वर। सरकार शुगर मिलों को कर्ज देगी, जिससे किसानों का बकाया गन्ना भुगतान जल्द दिलाया जा सके। उक्त उदगार क्षेत्रीय विधायक ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहे।
गढ़ में हाईवे किनारे एक होटल में रविवार को क्षेत्रीय विधायक डॉ. कमल सिंह मलिक ने एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि गांव देवली में हुई जीप चालक हाकम की हत्या को कुछ लोगों ने षड़यंत्र के के तहत सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की थी, जिसमें मस्जिद निर्माण रुकवाने समेत हत्या में उन पर भी आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए थे, जोकि पूरी तरह निराधार थे। हत्याकांड का खुलासा होने पर उन्होंने पुलिस-प्रशासन की सराहना की।
जिसके बाद कमल सिंह मलिक ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों को बकाया गन्ना भुगतान दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके लिए प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अनुपूरक बजट में बीमार चल रहीं शुगर मिलों को करोड़ों रुपये के कर्ज का प्रावधान किया है, जिससे शुगर मिले किसानों को बकाया गन्ना भुगतान जल्द कर सकें। उन्होंने कहा कि नया पेराई सत्र भी अक्तूबर में आरंभ करा दिया जाएगा, जिससे किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके अलावा कोल्हुओं का लाइसेंस पूरी तरह टैक्स फ्री कर दिया गया है। वहीं खांडसारी उद्योग को बढ़ावा देने के लिए भी केंद्र सरकार के पास प्रस्ताव भेज गया है, जिसके जल्द पास होने की उम्मीद है। इसके तहत खांडसारी मिलों की दूरी 16 किलोमीटर से घटाकर आठ किलोमीटर की जाएगी, जिससे किसानों का गन्ना समय से मिलों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार लगातार किसानों के हितों के लिए काम कर रही है। मौके पर राजबल गुर्जर, अंकुर त्यागी, दिनेश गर्ग, विरेंद्र सिंह समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।