पहली बार गर्भवती होने पर सभी
महिलाओं को मिलेंगे पांच हजार
हापुड़। जिले में किसी भी परिवार में पहली बार गर्भवती हुई महिलाओं को सरकार ‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना’ के तहत तीन किश्तों में पांच हजार रुपये देगी। यह पैसा जच्चा-बच्चा के अच्छे स्वास्थ्य और सही खान पान के लिए दिया जाएगा।
प्रसव के बाद प्रसूता को पौष्टिक भोजन न मिलने के कारण कई बार बच्चे को पर्याप्त मात्रा में दूध नहीं मिल पाता है। ऐसे में बच्चा कुपोषण का शिकार हो जाता है, साथ ही जच्चा के स्वास्थ्य पर भी बुरा प्रभाव पड़ता है। इस समस्या से राहत पाने को सरकार ने ‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना’ के तहत पहली बार गर्भवती हुई महिलाओं को लाभान्वित करने का निर्णय लिया है। पात्र महिलाओं को पांच हजार रुपये तीन किश्तों में दिए जाएंगे। प्रथम किश्त में एक हजार रुपये मिलेंगे, जिसके लिए किसी भी सरकारी स्वास्थ्य इकाई में 150 दिनों के भीतर पंजीकरण कराना होगा। द्वितीय किश्त में दो हजार रुपये मिलेंगे, जिसके लिए गर्भावस्था से 180 दिन बाद दस्तावेजों के साथ जमा कराना होगा। तृतीय किश्त में भी दो हजार रुपये मिलेंगे, इसके लिए शिशु जन्म का पंजीकरण कराना होगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एके सिंह ने बताया कि पहली बार गर्भवती हुई महिलाएं इन योजनाओं का लाभ उठा सकती हैं। जागरूकता के लिए अभियान चलाया जा रहा है।