जनपदीय सीमा विवाद से जुड़े गांवों की सीमा का होगा निर्धारण
- गढ़ और धनौरा तहसील की राजस्व टीमों ने की पैमाइश
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर।
हापुड़ और अमरोहा के बीच चल रही जनपदीय सीमा विवाद के निस्तारण को लेकर गांवों की सीमा निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत सोमवार को गढ़ और धनौरा के तहसीलदारों समेत राजस्व टीमों ने गंगा की तलहटी से जुड़े जंगल में पैमाइश की।
गंगा नदी के किनारे गढ़ की तरफ बसे हापुड़ और अमरोहा के कई गांवों के बीच जनपदीय सीमा विवाद की समस्या कई दशकों से चली आ रही है, जिसका निस्तारण न होने से अमरोहा के गांव गुलालपुर और जलालपुर की सीमा से सटे गढ़ क्षेत्र के गांव इनायतपुर की सर्वे प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो पा रही है। राजस्व परिषद लखनऊ ने सर्वे प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने की हिदायत दी है। इसके अनुपालन में सोमवार को गढ़ तहसीलदार मनोज कुमार सिंह और धनौरा के तहसीलदार राकेश सिंह के नेतृत्व में दोनों तहसीलों की राजस्व टीम मौके पर पहुंचीं। तहसीलदारों की निगरानी में कई घंटे तक भूमि की पैमाइश की गई। तहसीलदार मनोज कुमार ने बताया कि अमरोहा के जलालपुर और गुलालपुर से सटे गढ़ क्षेत्र के गांव इनायतपुर की सर्वे प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो पाई है, जिसके संबंध में राजस्व परिषद से जारी दिशा निर्देश के आधार पर संबंधित गांवों की सीमा का निर्धारण करने के लिए भूमि की पैमाइश कराई जा रही है। यह आगे भी जारी रहेगी।