साधन सहकारी समितियों के डायरेक्टर पद के लिए वोटिंग आज
गढ़मुक्तेश्वर। साधन सहकारी समितियों में डायरेक्टर के पदों के लिए आज वोटिंग होगी। इसके मद्देनजर पुलिस-प्रशासन अपनी सारी तैयारी पूरी करने में जुटा है। वहीं जीत पक्की करने को प्रत्याशियों ने रूठों को मनाने से लेकर घर-घर जाकर वोटरों से समर्थन मांगा।
सिंभावली क्षेत्र की बक्सर, गोहरा, गंदूनंगला, जखैड़ा रहमतपुर, हरौड़ा, गढ़ की पलवाड़ा, लोदीपुर सोबन, दौताई, देवली, झड़ीना, बहादुरगढ़, ठेरा, सालारपुर, आलमनगर, बिहूनी, नानई साधन सहकारी समितियों में डायरेक्टर पदों के लिए सोमवार को वोटिंग होनी है। उसके बाद मतों की गणना होने पर देर शाम तक चुनाव परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। साधन सहकारी समितियों के चुनाव को लेकर सर्दी में भी कई सप्ताह से सियासी पारा काफी ऊपर चल रहा है। समितियों के सदस्य अपने खेमे के प्रत्याशियों को पहले डायरेक्टर और फिर अपना सभापति चुनवाने को दिन-रात चुनाव प्रचार करने में जुटे हैं। जो प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध डायरेक्टर निर्वाचित हो चुके हैं, उनमें भी कई अपनी समितियों में सभापति की कुर्सी हथियाने को अपने गुट के प्रत्याशियों को जीत दिलाने की कवायद में जुटे हुए हैं। चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे प्रत्याशियों ने वोटिंग से एक दिन पहले प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। वहीं वोटिंग से लेकर मतगणना का काम पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग में पूरा कराने के मकसद से स्थानीय पुलिस-प्रशासन अपनी सभी तैयारी पूरी होने का दावा कर रहा है। एसडीएम हनुमान प्रसाद मौर्य और डीएसपी संतोष मिश्रा का कहना है कि साधन सहकारी समितियों की वोटिंग समेत मतगणना का काम पूरी निष्पक्षता और पारदर्शी ढंग में पूरी कराने की सभी तैयारी की हुई हैं।