निकाय चुनाव: मतदान से पूर्व प्रत्याशियों की धड़कनें तेज
हापुड़। नगर पालिका परिषद हापुड़ के अध्यक्ष और वार्ड सदस्य पद के लिए चुनावी रणभूमि में किस्मत आजमा रहे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला बुधवार को जिले के मतदाता करेंगे। इसके चलते तकरीबन सभी प्रत्याशियों ने मंगलवार को पूरी ताकत के साथ डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया तथा मतदाताओं को अपने पाले में करने के लिए पूरा जोर लगाया। साथ ही तरह-तरह के गुणा-भाग लगाकर अपनी जीत का पुख्ता दावा किया। वहीं, मतदान के एक दिन पहले प्रत्याशियों के दिल की धड़कन तेज रही। ज्यादातर की रात करवटें बदलते बीती।
नगर पालिका परिषद हापुड़ के अध्यक्ष पद के लिए 16 और वार्ड सदस्य पदों के लिए 273 प्रत्याशी मैदान में है। इन सभी प्रत्याशियों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ रात दिन एक कर प्रचार किया। प्रचार का समय बंद होने के बाद प्रत्याशी डोर-टू-डोर जनसंपर्क करने में जुट गए। ऐसे में एक तो थकान, ऊपर से परिणाम की चिंता होने से प्रत्याशियों की धड़कन बढ़ गई।
हालांकि इसके बावजूद अधिकांश प्रत्याशी जीत के दावे ठोकने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। अधिकांश प्रत्याशियों का मानना है कि बंद पेटी में वोट पड़ते हैं, पता नहीं कब किसका भाग्य चमक जाए। इसलिए मतदान होने से लेकर मतगणना तक उम्मीद कायम रहेगी।