स्वास्थ्य विभाग में बीते दो माह में हुए तबादले स्थगित
मई और जून महीने में मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा किए गए चिकित्सकों के तबादले मान्य नहीं होंगे। इन्हें स्थगित करने के संबंध में महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उत्तर प्रदेश ने सीएमओ को आदेशित किया है। इस आदेश से सरकारी अस्पतालों में तैनात चिकित्सकों में खुशी का माहौल है।
महानिदेशक ने सीएमओ को जारी किए पत्र में स्पष्ट लिखा है कि मुख्य चिकित्साधिकारी/मंडलीय अपर निदेशकों द्वारा विभागीय स्थानांतरण नीति के शासन से जारी होने के पूर्व ही बिना महानिदेशक के संज्ञान में लाए/अनुमोदन प्राप्त किए अपने स्तर से चिकित्साधिकारी/पैरामेडिकल स्टॉफ/उपचारिका संवर्ग के स्थानांतरण किए जा रहे हैं।
इस कार्य पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी अपरिहार्य कारणों के संचालन की दृष्टिकोण से कोई स्थानांतरण किया जाना आवश्यक है तो भी महानिदेशालय से उसका अनुमोदन प्राप्त किया जाना चाहिए।
कुल मिलाकर अब महानिदेशक पद्माकर सिंह ने पत्र जारी कर मई और जून महीने में जो स्थानांतरण किए गए हैं, उन्हें तत्काल स्थगित करने के आदेश दिए हैं। बता दें कि जिले में करीब आधा दर्जन चिकित्सकों के तबादले हुए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके सिंह ने बताया कि इस संबंध में महानिदेशक का पत्र मिल चुका है। पत्र में यह भी कहा गया है कि जो चिकित्सक काम नहीं करते हैं या लापरवाही बरतते हैं उनकी फोटो खींचकर व्हाट्स एप पर डाल दें। उनके खिलाफ सीधे निलंबन की कार्रवाई होगी।