हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण की आनन्द विहार योजना में जल्द ही हर वर्ग के लिये नयी आवासीय योजना लांच होगी। जिसमें 8 मंजिले 585 मकान बनाये जायेंगे।
इस योजना में बसंत कुंज दिल्ली और बंगलौर की तर्ज पर डुप्लैक्स के ऊपर डुप्लैक्स भवन भी बनेंगे। इन भवनों के निर्माण के लिए ई-टेंडर जारी कर दिये गये हैं।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आर के सिंह ने शनिवार की शाम पत्रकारों को बताया कि यह आवासीय योजना कलेक्ट्रेट, दिल्ली रोड और लोहिया पार्क के काफी नजदीक विकसित की जायेगी जिसके निर्माण के लिए ई टेंडर जारी कर दिये गये हैं।
उनका मानना है कि एक महीने के भीतर टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही इस योजना के भवनों का निर्माण शुरू करा दिया जायेगा।
प्राधिकरण के अधिशासी अभियन्ता नीरज गुप्ता ने बताया कि इस योजना में ईडब्लूएस वर्ग के लिए 217 मकान, एलआईजी वर्ग के लिए 168 मकान, एमआईजी वर्ग के लिए 152 मकान तथा एचआईजी वर्ग के लिए 48 मकान बनाये जायेंगे। इस योजना में एक मिनी कम्युनिटी सैन्टर तथा कुछ दुकाने भी बनायी जायेंगी।
इन भवनों की कीमत स्कीम के लांच करने से पहले निर्धारित की जायेगी। उल्लेखनीय है कि आनन्द विहार में ही लोहिया पार्क के सामने प्राधिकरण के उपाध्यक्ष तथा अन्य अधिकारियों के आवास और समाजवादी योजना के भवनों का निर्माण पहले ही तेजी से चल रहा है।