हापुड़ के पिलखुवा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छिजारसी टोल प्लाजा पर कार्रवाई करते हुए पनीर से भरी तीन गाड़ियां पकड़ीं। इनमें करीब 54 क्विंटल संदिग्ध मिलावटी पनीर बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 14 लाख रुपये बताई जा रही है।
हापुड़ जिले के पिलखुवा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुधवार की रात छिजारसी टोल प्लाजा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पनीर से भरी तीन गाड़ियां पकड़ीं हैं। इनमें करीब 54 क्विंटल मिलावटी पनीर बरामद होने की बात सामने आई है। पकड़े गए पनीर की कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई जा रही है।
विज्ञापन
सहायक आयुक्त चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में टीम ने छिजारसी टोल पर वाहनों की जांच की। जांच के दौरान पनीर से भरी तीन गाड़ियों को रोककर कार्रवाई की गई। बताया गया कि इनमें से एक वाहन मुरादाबाद और दो वाहन संभल से दिल्ली की ओर जा रहे थे।
खाद्य विभाग की टीम ने पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बड़ी मात्रा में सिंथेटिक पनीर पकड़े जाने से मिलावटखोरों में खलबली मच गई। खाद्य विभाग की कार्रवाई से त्योहारी सीजन में मिलावट रोकने के तेजी से प्रयास चल रहे हैं।