गणतंत्र दिवस को लेकर जिले की सीमाएं सील
हापुड़। गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंध कड़े कर दिए हैं। इसके तहत जिले की सीमाओं को सील करते हुए वाहनों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस संदिग्धों पर खासतौर से नजर रख रही है। यही नहीं सार्वजनिक स्थानों के अलावा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया गया। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर विशेष चौकसी बरती जा रही है।
गणतंत्र दिवस पर किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो इसके लिए पुलिस सतर्क है। एसपी संकल्प शर्मा के आदेशों पर पुलिस ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। शुक्रवार को पुलिस ने जिले की सीमाओं की सील कर दिया है। बाहर से आने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है। हापुड़ में कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डा, शहर के होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। विभिन्न मार्गों पर वाहनों की तलाशी भी ली गई। पुलिस ने सड़क किनारे खड़े वाहन चालकों के साथ-साथ कार सवारों को रोककर उनके वाहनों की तलाशी ली।
एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि गणतंत्र दिवस को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो इसके लिए सभी पुलिस अधिकारियों को अलर्ट पर कर दिया गया है।