गंदगी और जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया
गढ़मुक्तेश्वर। गांव डेहरा रामपुर में दो महीने से सफाई कर्मचारी न आने से जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। वहीं जलभराव से आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
गढ़ तहसील क्षेत्र के गांव डेहरा रामपुर के ग्रामीणों ने सोमवार को गांव में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। बताया कि दो माह से गांव में सफाई कर्मचारी नहीं आ रहे हैं। इसके चलते गांव में सफाई नहीं हो रही है। मुख्य रास्ता और नाली क्षतिग्रस्त होने के चलते जलभराव होने से कीचड़ और गंदगी फैली हुई है। इससे राहगीरों समेत स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्राम प्रधान से कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। गंदगी और बदबू के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। जिससे संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका बढ़ी हुई है। ग्रामीणों ने रास्ते और नाली की मरम्मत कराने के साथ ही गांव में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में शिवकुमार, शौकीन खां, शाहनवाज, सतेंद्र, आसिफ, मोमीन, राजेंद्र, फैजान शामिल रहे। ग्राम प्रधान शोभा देवी ने बताया कि सफाई कर्मचारी के न आने से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में सफाई कर्मचारी की नियुक्ति के लिए प्रशासन को पत्र भेजा गया है। प्राइवेट सफाई कर्मचारी लगाकर गांव में सफाई कराई जाएगी।