बिजलीघर में मरम्मत कार्य, चार घंटे गुल रही आधे शहर की बत्ती
हापुड़। दिल्ली रोड स्थित बिजलीघर में मरम्मत कार्य के कारण रविवार सुबह चार घंटे तक आधे शहर की बत्ती गुल रही। भीषण गर्मी में आपूर्ति गुल होने से लोगों को पानी किल्लत से परेशान होना पड़ा। दोपहर 12 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।
दिल्ली रोड बिजलीघर से आधे शहर को आपूर्ति दी जाती है। बिजलीघर को आ रहे इनकमिंग व आउट गोइंग केबल काफी जर्जर हालत में थे। लोगों को परेशानी न हो इसके लिए निगम अफसरों ने जर्जर केबल बदलवाने का निर्णय लिया है। इसके लिए सुबह 8 बजे बिजलीघर को बंद कर दिया गया जिससे आधे शहर की आपूर्ति गुल हो गई। दोपहर करीब 12 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
अधिशासी अभियंता सुनील कुमार का कहना है कि जर्जर केबल में फाल्ट से लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए यह कार्य कराया गया था। बिजलीघर को चालू करा लोगों को राहत दिला दी गई है।