हादसों में दो घायल, एक मेरठ रेफर
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र में सोमवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने एक की हालत गंभीर देख मेरठ रेफर कर दिया।
गढ़ क्षेत्र के गांव बलवापुर निवासी लाल सिंह किसी काम से सोमवार को सिंभावली आया था। तभी नेशनल हाईवे पर थाने के सामने बने कट को पार करते समय पीछे से आ रही कौशांबी डिपो की बस ने उसकी बाइक को साइड मार दी। इससे लाल सिंह घायल हो गया। वहीं गांव हिम्मतपुर निवासी अब्दुल सलाम बाइक से सिंभावली आ रहा था। तभी हिम्मतपुर रोड रेलवे फाटक के पास अचानक एक नील गाय उसकी बाइक से टकरा गई। इससे उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और घायल हो गया। ब्यूरो