जल्द खत्म हो जाएगा हापुड़ और अमरोहा के बीच सीमा विवाद
- अमरोहा और हापुड़ की राजस्व टीम की हुई बैठक
- जनपदीय सीमा विवाद के निस्तारण की प्रक्रिया हुई तेज
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। जनपदीय सीमा विवादों के निस्तारण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए अमरोहा और हापुड़ की राजस्व टीम की बैठक हुई। इसमें संबंधित गांवों के शिजरों का मिलान कर अब तक हुई पैमाइश का आकलन किया गया।
गंगा नदी की तलहटी से जुड़े जनपद हापुड़ और अमरोहा के बीच कई दशकों से सीमा विवाद चल रहा है। इसका निपटारा करने के लिए दोनों जनपदों की राजस्व टीम पिछले कई दिनों से संबंधित गांवों के जंगल में पैमाइश का काम कर रही हैं। इसी सिलसिले में सोमवार को गढ़ तहसील सभागार में दोनों जनपदों की राजस्व टीम के बीच तहसीलदार मनोज कुमार सिंह की मौजूदगी में बैठक हुई। इसमें अब तक की गई पैमाइश का संबंधित गांवों के शिजरों से मिलान किया गया। बैठक में मुख्य रूप से अमरोहा जनपद के गांव पपसरा, जमालपुर, गुलालपुर और चाऊपुर के भूअभिलेखों की जांच पड़ताल की गई, ताकि आगे चलकर गढ़ क्षेत्र के नयागांव इनायतपुर की सीमा का निर्धारण होने पर जनपद अमरोहा के गांवों से चल रही जनपदीय सीमा विवाद की समस्या बाकी न रह जाए। तहसीलदार मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कई किलोमीटर लंबी परिधि में फैले संबंधित गांवों के जंगल की पैमाइश की जा रही है, इसकी पुष्टि के लिए दोनों जनपदों की राजस्व टीमों ने अब तक हुई पैमाइश का गांवों के शिजरों के साथ मिलान किया है। पैमाइश पूरी होने के बाद गढ़ क्षेत्र के नयागांव इनायतपुर की सीमा का निर्धारण होने पर संबंधित गांवों से कोई विवाद नहीं रह जाएगा। बैठक में गढ़ से कानूनगो सुरेश चंद, लेखपाल श्रीपाल, धर्मवीर और अमरोहा से लेखपाल ओमकार सिंह, तेजपाल, योगेश शामिल रहे।