सिंभावली शुगर मिल पर जिले के किसानों का 2014-15 का 65 करोड़ रुपये बकाया है। भाकियू की महापंचायत में एसडीएम केबी सिंह ने बताया कि मिल में रखी पांच लाख क्विंटल चीनी सीज कर दी गई है।
16 फरवरी को मिल की 22 एकड़ जमीन की निलामी की जाएगी। साथ गेस्ट हाउस व मिल मालिक की कोठी भी जल्द सीज की जाएगी। उधर, हालांकि मिल की ओर से 28 फरवरी तक गन्ना भुगतान करने की बात कही गई है।
ब्रजनाथपुर मिल पर भी सात करोड़ रुपये बकाया है। भाकियू की महापंचायत में एसडीएम गढ़ केबी सिंह ने कहा कि किसानों का गन्ना भुगतान हर हाल में कराया जाएगा।
सिंभावली शुगर मिल से उन्हें 15.41 करोड़ रुपये का चेक मिल चुका है। मिल प्रबंधन शेष 37 करोड़ रुपया 28 फरवरी तक अदा को कह रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान सत्र 2015-16 का गन्ना भुगतान दिलाने के उद्देश्य से मिल में रखी पांच लाख क्विंटल चीनी को सीज कर दिया है। इसकी कीमत 150 करोड़ रुपये है।
वहीं मिल की 22 एकड़ जमीन 16 फरवरी को निलाम की जाएगी। जिला गन्ना अधिकारी नम्रता कश्यप ने बताया कि ब्रजनाथपुर गन्ना मिल पर सात करोड़ रुपये बकाया है।
इसमें दो करोड़ का चेक मिल चुका है। मिल प्रबंधन ने 31 जनवरी तक पिछले वर्ष का पूर्ण गन्ना भुगतान कर देने की बात कही है। उन्होंने बताया कि 31 जनवरी तक यदि ब्रजनाथपुर गन्ना मिल ने किसानों का भुगतान नहीं किया तो उनके खिलाफ 3/7 के तहत कार्रवाई की जाएगी।