अस्पतालों में मिली गंदगी, कई एएनएम का कटा वेतन
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के मुख्य सचिव दीपक सिंघल के आदेश पर मंगलवार को एडीएम सहित 24 प्रशासनिक अधिकारियों ने जिले भर के 49 सीएचसी, पीएचसी, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उपकेंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
अधिकांश अस्पतालों में गंदगी मिलने पर संबंधित चिकित्सकों को नोटिस जारी किए गए। साथ ही कई एएनएम के वेतन भी काटे गए हैं। शासन के आदेश पर मंगलवार सुबह से ही प्रशासनिक अधिकारियों की 24 टीमों ने जिले भर के 49 सरकारी अस्पतालों में निरीक्षण शुरू कर दिया।
एडीएम रजनीश राय ने गढ़ रोड स्थित सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। यहां टीम को सब कुछ ठीक मिला। एडीएम ने छोटी-मोटी खामियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी मीनू राणा ने कोठीगेट स्थित राजकीय महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया।
यहां भी स्थिति ठीक मिली। स्वास्थ्य कर्मियों को रिकॉर्ड को व्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रशासनिक अफसरों के निरीक्षण में पटना स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र पर बहुत ज्यादा गंदगी मिली।
वहां तैनात एएनएम लक्ष्मी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। पारपा स्थित उपस्वास्थ्य केंद्र का ताला बंद मिला। यहां तैनात एएनएम का वेतन काटा गया है। सिकारपुर काकौड़ी स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र पर गंदगी मिलने पर एएनएम किरण सिंह से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
फगौता स्थित अस्पताल में भी काफी अव्यवस्था मिली। यहां तैनात एएनएम भागीरथी का दो दिन का वेतन काट दिया गया है। देहरा उप स्वास्थ्य केंद्र पर ताला मिलने पर एएनएम ऊषा शर्मा का भी वेतन काट दिया गया है।
कांवी स्थित अतिरिक्त प्राथमिक केंद्र के कैंपस में गंदगी मिलने के कारण वहां तैनात चिकित्सक से स्पष्टीकरण मांगा गया है।