गन्ना विभाग की टीम ने ड्रिप सिंचाई संयंत्र का किया निरीक्षण
हापुड़। गन्ना विभाग की टीम ने डीसीओ के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को गांव खईया में एक किसान द्वारा खेत में लगायी गई ड्रिप सिंचाई संयंत्र, गन्ने के साथ अंतफसल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही सिंभावली और ब्रजनाथपुर शुगर मिलों को जल्द गन्ना भुगतान के निर्देश दिए।
खईया निवासी किसान आदित्य सिंह ने अपने खेत में ड्रिप सिंचाई संयंत्र लगाया हुआ है। इस संयंत्र से फसलों को आवश्यकतानुरूप ही पानी मिलता है। साथ ही बिजली का बिल और अनावश्यक पानी खर्च से भी निजात मिलती है। किसान ने संयंत्र के साथ ही गन्ने के साथ तरबूज, खरबूजा, कद्दू की सह फसली खेती भी की है।
इस तरह की खेती अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणा स्त्रोत है। जिला गन्ना अधिकारी ओपी सिंह ने टीम के साथ खेत का निरीक्षण कर, किसान के प्रयास को सराहा। इसके बाद सिंभावली चीनी मिल के गेट संख्या दो और तीन का भी निरीक्षण किया। वहीं मिल अफसरों को जल्द किसानों को भुगतान करने के भी निर्देश दिए हैं।